BSP से लोहा चोरी:पुलिस ने कबाड़ गोदाम से जब्त किया 250 टन लोहा

BSP से लोहा चोरी:पुलिस ने कबाड़ गोदाम से जब्त किया 250 टन लोहा

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से बड़े पैमाने पर लोहे की चोरी हुई है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके में कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा जब्त किया है। शुरुआती जांच में जब्त लोहे की कीमत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है।
बता दें कि प्लांट की सुरक्षा में CISF के जवान तैनात हैं। इसके अलावा पूरे प्लांट परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद भारी मात्रा में लोहा फ्लाई ऐश की आड़ में प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके पर मौजूद लोगों से लोहे से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी वैध कागजात पेश नहीं किए जा सके।
इसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा जब्त किया। साथ ही मौके से 10 से अधिक वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि फ्लाई ऐश परिवहन की आड़ में प्लांट से लोहा बाहर निकाला जा रहा था। वहीं, BSP प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए अलग से एक टीम गठित की है, जो पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
दरअसल, पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भिलाई स्टील प्लांट से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। ऐसे में रोजाना कई ट्रक और हाईवा प्लांट से बाहर निकलते थे। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी और उनका पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंची।
जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर पहुंचे, पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर दी। छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे, लेकिन जब्त लोहे से संबंधित कोई वैध कागजात पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे यार्ड और गोदाम की जांच की।
मौके पर मौजूद लोग दस्तावेज पेश नहीं कर सके, ऐसे में पुलिस टीम ने जब्ती की कार्रवाई की।
जांच में गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था।
पुलिस ने जब दो हाईवा वाहनों की जांच की तो ऊपर फ्लाई ऐश दिखाई दी, लेकिन अंदर टनों के हिसाब से लोहा भरा मिला।
इस मामले में ट्रांसपोर्टर संजय सिंह का नाम सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा। वहीं, जिस कबाड़ी गोदाम में BSP का संदिग्ध लोहा मिला है, उसका संचालन मोहम्मद कलीम करता है। पुलिस दोनों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *