डीएलएड एंट्रेंस एग्जाम: 4 जून को परीक्षा, अभ्यर्थियों को मानने होंगे ये नियम

डीएलएड एंट्रेंस एग्जाम: 4 जून को परीक्षा, अभ्यर्थियों को मानने होंगे ये नियम

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आगामी गुरुवार 4 जून 2026 को डीएलएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् के अंतर्गत होने वाली इस परीक्षा के लिए बस्तर जिले के जगदलपुर में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,891 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किए गए हैं, जिसके तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर ढाई घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जाएगी। इसके बाद वीक्षकों द्वारा इंटरनेट से निकाले गए साफ-सुथरे मूल प्रवेश पत्र और किसी भी एक वैध पहचान पत्र का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
व्यापम के निर्देशानुसार प्रशासन ने परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त ड्रेस कोड और नियमों का पालन किए जाने हेतु निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को हल्के रंग के हाफ टी-शर्ट, हल्के कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र आना होगा। परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कान में पहने जाने वाले किसी भी प्रकार के आभूषण, जैसे बाली या झूमका आदि पहनकर आने की सख्त मनाही है। परीक्षार्थी अपने साथ घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, चश्मा, हाथ में बंधे धागे या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक व संचार उपकरण नहीं ले जा सकेंगे। नियमों के अनुसार यदि किसी परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है या प्रिंट नहीं हो पाई है, तो उन्हें अनिवार्य रूप से अपने साथ वर्तमान की दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लानी होगी। सभी परीक्षार्थियों के लिए वर्तमान वर्ष का मूल प्रवेश पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है।
जगदलपुर शहर के जिन प्रमुख संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्र.-1, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल और सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्र.-2 शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक केंद्र पर 360 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनके अलावा स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा (360 ), स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल संजय मार्केट (360), स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिन्दी मीडियम स्कूल रेल्वे कालोनी (300), धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक (240), शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल भगत सिंह सिविल लाइन (300) तथा बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल बालाजी वार्ड में 171 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस संपूर्ण परीक्षा के निर्बाध संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनका मोबाइल नंबर 9406349496 है। उनके साथ ही शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक (मोनं. 9827491253) और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक (मोनं. 70009-74126) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *