बकरा चोर गैंग का खुलासा:MP से आकर रेकी के बाद स्कार्पियो में भरकर ले जाते थे बकरियां, 6 आरोपी गिरफ्तार

बकरा चोर गैंग का खुलासा:MP से आकर रेकी के बाद स्कार्पियो में भरकर ले जाते थे बकरियां, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर . बिलासपुर में पुलिस ने मध्यप्रदेश के बकरा चोर गैंग का खुलासा किया है। अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य पहले आकर रेकी करते थे। फिर मौका पाकर बकरियों को चोरी कर स्कार्पियो में भरकर ले जाते थे। पुलिस ने गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से स्कार्पियो और 1 लाख 50 हजार रुपए कैश बरामद किया है।
ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून की रात उन्होंने अपने 4 बकरे और 15 बकरियों को रोज की तरह चराकर घर लाने के बाद बकरी कोठा में बंद कर दिया था। अगले दिन सुबह उठकर देखा तो कोठा की ईंट की दीवार टूटी हुई थी और सभी 19 बकरा-बकरी गायब थे। चोरों ने रात के अंधेरे में कोठा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
जिले में बकरी चोरी होने की लगातार वारदात हो रही थी। चकरभाठा, बिल्हा के बाद रतनपुर में हुई चोरी की घटना के बाद रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गिरोह की तलाश में जुटी थी। इस दौरान टीम ने कुछ संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की, तब मध्यप्रदेश के इस गिरोह का पता चला।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एमपी से स्कार्पियो वाहन में सवार होकर गांव में खेत समतलीकरण (लेवलिंग) का काम मांगने जाते थे। इसी दौरान गांव में बकरा-बकरी रखने वाले घरों की पहचान कर उनकी रेकी करते थे। मौका मिलने पर रात के समय सुनसान स्थानों और घरों में बने कोठों को निशाना बनाकर बकरा-बकरी चोरी कर स्कॉर्पियों में भरकर फरार हो जाते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चकराभाठा से चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को उन्होंने 1 लाख 75 हजार रुपए में बेच दिया था। चोरी की रकम में से 25 हजार रुपए खर्च किए जा चुके थे, जबकि शेष 1 लाख 50 हजार रुपए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बकरा चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के जबलपुर के गोरा बाजार उमरिया निवासी बबलू खान (57) पिता स्व. बदन खान, उमरिया निवासी अमूर खान (66) पिता नत्थू खान, उमरिया के ही अमीन खान (41) पिता हकीम खान, हबीम खान (35) पिता दरबार खान, शाहरूख खान (22) पिता मशीन खान, उत्तरप्रदेश के अमरोहा जिले के रजकपुर निवासी मोहम्मद अच्छन (33) पिता मोहम्मद इलियास को गिरफ्तार किया है। वर्तमान में मोहम्मद अच्छन रतनपुर के कर्रा में रहता था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *