रायपुर। राजधानी में डायल-112 में तैनात एक आरक्षक को ड्यूटी में लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार, आरक्षक संदीप शर्मा (क्रमांक 1250) 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक की दुर्घटना की सूचना मिलने के बावजूद घटनास्थल पर विलंब से पहुंचे। इतना ही नहीं, मौके पर उनके अमर्यादित आचरण की शिकायत भी सामने आई।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध कर दिया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक को नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही और आमजन के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Posted inUncategorized
