रायपुर समेत 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे रहेंगे अहम

रायपुर समेत 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे रहेंगे अहम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में जोरदार वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर के बाद कुसमी में पिछले 24 घंटे में 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक वर्षा में शामिल है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने तथा रेनकोट या छाता साथ रखने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम बंगाल-झारखंड क्षेत्र में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, सक्रिय मानसून द्रोणिका तथा दक्षिण ओडिशा के ऊपर स्थित एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *