कमीशनखोरी के आरोपित नारायणपुर का निरीक्षक गिरफ्तार

कमीशनखोरी के आरोपित नारायणपुर का निरीक्षक गिरफ्तार

नारायणपुर। जिले में पुलिस विभाग के एक निरीक्षक और एक वकील पर सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप लगा है। पुलिस ने अपने ही विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी भूमिका की जांच अभी जारी है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सैलरी पैकेज इंश्योरेंस क्लेम दिलाने की प्रक्रिया के दौरान उससे कमीशन की मांग की गई। शिकायत सामने आने के बाद नारायणपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले शुरुआती सबूतों के आधार पर पुलिस निरीक्षक सुरेशचंद्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस विवेचना के दौरान शुरुआती रूप से पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद निरीक्षक सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सैलरी पैकेज इंश्योरेंस के क्लेम से जुड़ा हुआ है, जिसमें कथित रूप से कमीशन मांगने की बात सामने आई थी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कडिय़ों को जोडऩे में जुटी है। यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कमीशन की मांग किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में की गई थी। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने आज रविवार को बताया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *