अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे क्रमांक-43 पर रविवार की अलसुबह तेज रफ्तार कार ने पैदल घर लौट रहे एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक हवा में उछलते हुए करीब 15 मीटर दूर जा गिरा और सिर समेत शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और सीतापुर पुलिस के हवाले कर दिया। इधर पुलिस युवक का शव बरामद कर अस्पताल ले गई, इससे मृतक के परिजनों में नाराजगी है कि पुलिस उन्हें बिना सूचना दिए शव उठवाकर अस्पताल ले गई। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंगारी के कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला पिता पैगा बखला 45 वर्ष रविवार की सुबह शौच के लिए खेत की ओर गया था। वहां से करीब 5 बजे वह पैदल घर की ओर लौट रहा था। वह अंबिकापुर-रायगढ़ एनएच पर सड$क किनारे-किनारे चल रहा था। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार क्रमांक सीजी 15 ईसी-5927 ने जूनापारा के पास उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्जुन बखला हवा में उछलते हुए करीब 15 मीटर दूर जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक सीतापुर के ग्राम देवगढ़ निवासी टीके सिंह 48 वर्ष वहां से भागने का प्रयास करने लगाा, जिसे मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार चालक को उनके हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना पर घटनास्थल पर सीतापुर पुलिस पहुंची। वह युवक का शव बरामद कर सीतापुर अस्पताल ले गई। इधर मृतक के घरवालों को जब यह जानकारी हुई तो अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने शव अस्पताल लाने पर गहरी नाराजगी जताई, उनका कहना था कि पुलिस ने उन्हें दुर्घटना के तत्काल बाद सूचना नहीं दी और सीधे शव अस्पताल ले आए। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया।

Posted inChhattisgarh News
