दुर्ग । जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतोरा की प्रधानपाठिका के खिलाफ पालकों और स्कूल प्रबंधन समिति ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि प्रधानपाठिका का विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार अनुचित है।
और वे बिना कारण बच्चों को दंडित करती हैं। मामले को लेकर बुधवार को पालक, छात्र और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचे।
शिकायत मिलने के बाद डीईओ अरविंद मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति को स्कूल पहुंचकर सभी पक्षों से चर्चा कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जांच समिति ने पतोरा स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों के बयान दर्ज किए तथा पूरे मामले की जानकारी जुटाई। समिति में पाटन के बीईओ डालेंद्र देवांगन, एडीपीओ हेमलता बंजारे और एमआईएस शिवम कटारे को शामिल किया गया।
डीईओ अरविंद मिश्रा ने बताया कि जांच रिपोर्ट देर शाम संयुक्त संचालक शिक्षा, दुर्ग संभाग को सौंप दी गई है। अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई संयुक्त संचालक स्तर से की जाएगी। मामले को लेकर शिक्षा विभाग की नजर बनी हुई है।
Posted inChhattisgarh News
