टॉयलेट का रोशनदान तोड़कर प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर से 3 अपचारी बालक फरार

टॉयलेट का रोशनदान तोड़कर प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर से 3 अपचारी बालक फरार

अंबिकापुर। अंबिकापुर के गंगापुर स्थित प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर से शुक्रवार की सुबह 3 अपचारी बालक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपचारी बालकों को योगा क्लास के लिए उठाया गया था। इस दौरान 3 अपचारी बालक टॉयलेट में घुसे और रोशनदान का ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। इनमें से दो अपचारी बालक कोरिया, जबकि एक बलरामपुर जिले के निवासी हैं। कोरिया के अपचारी बालकों ने महिला जज के बंगले में डेढ़ माह पूर्व चोरी की थी, जबकि एक आदतन बदमाश है। बताया जा रहा है कि वह 8 बार प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर में चोरी समेत अन्य मामले में आ चुका है। फिलहाल अपचारी बालकों की तलाश जारी है।
अंबिकापुर के गंगापुर में बाल संप्रेक्षण गृह व प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर संचालित है। बाल संप्रेक्षण गृह से आए दिन अपचारी बालक फरार होते रहे हैं। सप्ताह भर पूर्व ही यहां से 13 अपचारी फरार हो गए थे। इसी बीच शुक्रवार की सुबह करीब 5.45 बजे प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर से 3 अपचारी बालक फरार हो गए। तीनों चोरी के अपराध में यहां कुछ दिन पूर्व ही लाए गए थे। इन सभी की उम्र 17-18 वर्ष के बीच है। इस संबंध में प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर के परिवीक्षा अधिकारी व प्रभारी नीतूराम कुशवाहा का कहना है कि बच्चों को योगा क्लास के लिए सुबह उठाया गया था। इसी दौरान टॉयलेट के रोशनदान की ग्रिल तोड़कर 3 बालक फरार हो गए। इनमें से 2 ने कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित महिला जज के बंगले में चोरी की थी। 20-25 दिन पूर्व ही उन्हें यहां लाया गया था।
परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि फरार एक अपचारी बालक बलरामपुर जिले का निवासी है, वह आदतन बदमाश है। उसे प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर में 8 बार चोरी, मारपीट समेत अन्य अपराध में लाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना उन्होंने उच्चाधिकारियों को दी, इसके बाद अधिकारियों ने सेंटर का निरीक्षण किया है। प्लेस ऑफ सैफ्टी सेंटर से फरार तीनों अपचारी बालकों की तलाश पुलिस कर रही है। उन्हें पकडऩे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत अन्य जगहों पर दबिश दी जा रही है। वहीं उनके परिजनों से भी संपर्क किया गया है कि यदि वे घर लौटते हैं तो तत्काल इसकी सूचना दें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *