15 घंटे की मशक्कत के बाद कुएँ में गिरे भालू का सुरक्षित रेस्क्यू

15 घंटे की मशक्कत के बाद कुएँ में गिरे भालू का सुरक्षित रेस्क्यू

रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग ने संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए कटघोरा वनमंडल के केंदई परिक्षेत्र के ग्राम छिंदिया में कुएँ में गिरे एक भालू को लगभग 15 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। भालू को सुरक्षित बचाने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस और वन विभाग ने कुएँ के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया। ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई, ताकि शांत वातावरण में भालू को बाहर निकालने की कोशिश की जा सके। कुएँ की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। प्रारंभिक प्रयास सफल नहीं होने पर वन विभाग ने जेसीबी मशीन की मदद से कुएँ के एक हिस्से में ढलाननुमा रास्ता तैयार किया। इसके साथ ही कुएँ के अंदर बाँस की मजबूत सीढ़ी उतारी गई। अनावश्यक भीड़ को हटाकर पूरे क्षेत्र में शांत माहौल बनाए रखा गया।
वन विभाग की रणनीति सफल रही और रात करीब 9:30 बजे भालू स्वयं सीढ़ी और ढलान के रास्ते कुएँ से बाहर निकलकर पास के जंगल में चला गया। भालू के सुरक्षित बाहर आने पर वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने राहत की साँस ली। रेस्क्यू अभियान वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, वनपाल शारदा प्रसाद शर्मा, मंगल सिंह नायक, वनरक्षक गंगाराम नेताम, अशोक कुमार श्रीवास, मुरारी लाल साहू, प्रहलाद सिदार, हाथी मित्र दल के संदीप उइके और भोला यादव सहित स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यप्राणी कुएँ, गड्ढे या किसी अन्य स्थान पर फँस जाए, तो उसे बचाने का प्रयास स्वयं न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही, खुले कुओं के चारों ओर पक्की सुरक्षा दीवार या घेरा बनाकर ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *