कपड़ा दुकान में लगी आग, 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका

कपड़ा दुकान में लगी आग, 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका

रामानुजगंज। स्टेट बैंक रोड स्थित कपड़ा व्यवसायी निहाल जायसवाल की दुकान में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका दुकान संचालक ने जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 5.30 बजे टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को सूचना दी। इसके बाद नगर पालिका के फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दुकान के भीतर रखा कपड़ा व अन्य सामान धू-धू कर जल रहा था। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी समाप्त हो जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के पानी के टैंकर से बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। अग्निकांड के दौरान नगर पालिका के पार्षद पवन गुप्ता, रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *