मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम:सांसद बृजमोहन अग्रवाल

मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम:सांसद बृजमोहन अग्रवाल

नई दिल्ली / रायपुर:रायपुर लोकसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता  बृजमोहन अग्रवाल ने आज एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए कहा कि मतदाता सूची का समय-समय पर पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था के स्वास्थ्य और पारदर्शिता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से न केवल मतदाता लाभान्वित होते हैं, बल्कि राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों को भी इससे निष्पक्ष एवं विश्वसनीय वातावरण प्राप्त होता है।

अग्रवाल ने कहा कि, मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र का पवित्रीकरण है। जब मतदाता सूची सही होती है तभी जनादेश की पवित्रता सुरक्षित रहती है। हम सबको, चाहे मतदाता हों, राजनीतिक दल हों अथवा उम्मीदवार—इस प्रक्रिया को सकारात्मक रूप से सहयोग देना चाहिए।

इस मौके पर सांसद अग्रवाल ने विपक्ष के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कई बार जनता के जनादेश को स्वीकार करने में हिचक दिखाती रही है। “कांग्रेस अपनी लगातार हो रही पराजयों को समझने के बजाय अनावश्यक आपत्तियाँ और भ्रम फैलाने में लगी रहती है। लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है, और उसके निर्णय का सम्मान प्रत्येक दल को करना चाहिए।

सोनिया गांधी को समन जारी होने पर प्रतिक्रिया

दिल्ली की अदालत द्वारा श्रीमती सोनिया गांधी को उनके वोटर आईडी कार्ड मामले में समन जारी किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह मामला लंबे समय से सार्वजनिक चर्चा में रहा है और अब न्यायालय के हस्तक्षेप से सत्य सामने आने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि, देश में यह शंका वर्षों से उठाई जाती रही है कि क्या सोनिया गांधी का वोटर आईडी कार्ड विधिसम्मत रूप से बना था। अब जबकि अदालत ने समन जारी किया है, पूरी जांच से सब साफ हो जाएगा—दूध का दूध और पानी का पानी। हम न्यायपालिका की प्रक्रिया पर पूर्ण विश्वास रखते हैं।”

सांसद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार चुनावी सुधारों पर गंभीरता से काम कर रही है और सभी दलों से सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है।
“हम किसी भी प्रकार के सार्थक चुनाव सुधार के पक्ष में हैं। यदि विपक्ष कोई अच्छा सुझाव देता है, तो सरकार उस पर भी विचार करने के लिए तैयार है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती सत्य, पारदर्शिता और नागरिकों के विश्वास पर टिकी है, और प्रत्येक कदम जो व्यवस्था को अधिक स्वच्छ और निष्पक्ष बनाता है, उसे सभी वर्गों को समर्थन देना चाहिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *