NSUI के हस्तक्षेप के बाद छात्राओं से कथित छेड़छाड़ का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

NSUI के हस्तक्षेप के बाद छात्राओं से कथित छेड़छाड़ का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

रायपुर । राजधानी के सरोना स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने शिक्षक राहुल मेश्राम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई छात्राओं की शिकायत और रायपुर जिला NSUI के हस्तक्षेप के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने रायपुर जिला NSUI के जिला सचिव सुमित शुक्ला से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक राहुल मेश्राम उनके साथ अनुचित व्यवहार करता था और गलत तरीके से स्पर्श करता था।
शिकायत मिलने के बाद NSUI के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तत्काल विद्यालय पहुंचे। छात्राओं से बातचीत कर मामले की जानकारी लेने के बाद संगठन के प्रतिनिधि छात्राओं को लेकर डी.डी. नगर थाना पहुंचे, जहां आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने बताया कि संगठन छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ही रायपुर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी या अनुचित व्यवहार को NSUI बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे मामलों में संगठन आगे भी पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ा रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता रहेगा।
इस दौरान NSUI जिला सचिव सुमित शुक्ला के नेतृत्व में जिला उपाध्यक्ष प्रशांत चंद्राकर, शिवांक सिंह, स्कूल यूनिट जिला उपाध्यक्ष कृष सहारे, राहुल साहू, भावेश शुक्ला, झम्मन साहू, शिवम गोस्वामी, मनजोत गिल, शिवांग ठाकुर, ओम बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *