कोंडागांव। जिले के इरागांव थाना क्षेत्र में गौहत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को जंगल में गौवंश की हत्या कर उसकी चमड़ी निकालते हुए मौके से पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गौहत्या एक शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से की जा रही थी।
घटना की सूचना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली थी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी इरागांव पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस की टीम ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में पहुंची, वहां छह लोग गौवंश को काटकर उसकी चमड़ी निकाल रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
एसडीओपी अरुण कुमार नेताम ने बताया कि गौहत्या की सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी थी। पकड़े गए सभी छह आरोपी एक शोक कार्यक्रम के लिए गौवंश की हत्या कर रहे थे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Posted inChhattisgarh News
