स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर में हाई अलर्ट, 800 से ज्यादा जवान तैनात; ड्रोन से भी होगी निगरानी

स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर में हाई अलर्ट, 800 से ज्यादा जवान तैनात; ड्रोन से भी होगी निगरानी

रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कमिश्नरेट के तीनों जोन में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर की निगरानी जमीन के साथ-साथ आसमान से भी की जा रही है। पुलिस ड्रोन कैमरों की मदद से संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रख रही है। वहीं शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर 24 घंटे नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रायपुर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यहां लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है। बाहर से आने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने शहर के होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों में भी जांच अभियान तेज कर दिया है। यहां ठहरे लोगों की जानकारी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।
शहर के संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसके साथ ही आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और संदिग्धों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ITMS के जरिए वाहनों और यातायात गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए शहर के विभिन्न हिस्सों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर पड़ सके।
रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन में चल रहे इस विशेष सुरक्षा अभियान में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं। पुलिस का फोकस स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में सुरक्षा घेरा बढ़ाए जाने के बाद प्रमुख इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी पहले से कहीं ज्यादा नजर आ रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *