कोंड़ागांव। जिले में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने केंवटी जंगल में जुआ खेलते 7 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 7,100 रुपए कैश, 52 ताश के पत्ते, 5 मोबाइल फोन और 6 दोपहिया वाहन बरामद किए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों उत्तम पटेल, विष्णु दास सोनी, महेश मरकाम, मंगतराम कोर्राम, अर्जुन बघेल, विकास ठाकुर और कमलेश सोनी को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत कोंड़ागांव थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और दूसरी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Posted inChhattisgarh News
