सुकमा में नक्सली डम्प से बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस व विस्फोटक सामग्री बरामद

सुकमा में नक्सली डम्प से बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस व विस्फोटक सामग्री बरामद

सुकमा। जिले में नक्सलवाद के खत्में के खाद लगातार चलाये जा रहे अभियान के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना भेज्जी क्षेत्रांतर्गत ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान आज साेमवार काे नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए नक्सली डम्प का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने इसकी पुष्टि की है।
सुकमा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरामद सामग्री में 01 एसएलआर रायफल, 01 .315 बोर रायफल, 01 .410 मस्केट रायफल, 06 बीजीएल लॉन्चर, 01 सिंगल शॉट रायफल, 01 .315 बोर देशी कट्टा, 05 नग 12 बोर रायफल एवं 07 भरमार बंदूक सहित कुल 23 हथियार शामिल हैं।
इसके अलावा नक्सल डम्प से एके-47 के 45, एसएलआर के 196, इंसास के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 तथा 12 बोर रायफल के 45 जिंदा राउंड, कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। सर्चिंग के दौरान 240 नग जिलेटिन स्टिक, 18 किलोग्राम गन पाउडर, 05 देशी हैंड ग्रेनेड, 06 एक्सीलेटर प्लग, 40 टाइगर बम पटाखे तथा बड़ी संख्या में बीजीएल सेल एवं कार्टिज भी बरामद हुए हैं। पुलिस टीम को डम्प से नक्सलियों द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली अन्य सामग्री में काली वर्दी के 07 जोड़ी, 18 मैगजीन पाउच, 07 बीजीएल पाउच, 10 कमर पाउच, 32 काले एवं 22 हरे कमर बेल्ट, 11 विजिल गार्ड, 07 मंकी कैप, 02 वेल्डर शील्ड, 02 सोलर प्लेट, 07 पिट्ठू बैग, 05 नीले ड्रम, दवाइयां एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री शामिल हैं। इसके साथ ही डम्प से बीजीएल सेल बड़े 08, मध्यम 23 एवं छोटे 58 नग, बीजीएल मुंडी 08 नग तथा 66 बीजीएल कार्टिज भी बरामद किए गए। मौके से एके-47, .303 एवं 12 बोर रायफल के खाली खोखे भी बरामद हुए हैं।
सुकमा पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले के जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक एवं अन्य नक्सली सामग्री के डम्प की लगातार तलाश की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि बरामद डम्प को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जिले में शांति, सुरक्षा एवं विकास का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *