सुकमा। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके चलते अंदरूनी इलाकों के कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही बाधित हो गई है। प्रशासन नदी-नालों और पुल-पुलियों के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है। लोगों से अपील की गई है कि उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें। पानी कम होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जगरगुंडा से सिलगेर जाने वाले मार्ग पर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं बेदरे नदी भी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढऩे से आस-पास के इलाकों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग पर स्थित चिंतावागु नाला भी लगातार बारिश के कारण उफान पर है। नाले का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण इस मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते जिले की शबरी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। बारिश का सिलसिला जारी रहने से नदी-नालों का पानी और बढऩे की आशंका है। सबसे ज्यादा असर जिले के अंदरूनी इलाकों में आवागमन पर पड़ा है।

Posted inChhattisgarh News
