रायपुर में मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या

रायपुर में मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या

रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में देर रात मामूली विवाद के बाद 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई।
डंगनिया निवासी अहमद खान (22) की रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की गली में किसी बात को लेकर दो युवकों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी से वहां से भागने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में गिर गई और वह सड़क पर जा गिरा।
पीछा कर रहे दोनों हमलावरों ने अहमद को जमीन पर गिरा देख उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अहमद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस फुटेज के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *