धमतरी। शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना धमतरी के जालमपुर इलाके की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी कृष भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार स्टील का चाकू भी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 अगस्त 2026 की है। प्रार्थी अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास आरोपी कृष भारती ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने अभिषेक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अभिषेक ने जब पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। चाकू के वार से अभिषेक घायल हो गया।
अभिषेक पर हमला होते देखकर उसकी बहन शारदा टेकाम मौके पर पहुंचीं और भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान कृष भारती ने शारदा के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। BNS की धाराओं में मामला दर्ज प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 209/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119, 296, 118(1) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। इसके बाद उसने पुलिस के समक्ष घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार चाकू पेश किया।

Posted inUncategorized
