नौकरी के नाम पर ठगी एक और अपडेट: भाजपा नेता के बेटे पर एक के बाद दूसरी FIR

नौकरी के नाम पर ठगी एक और अपडेट: भाजपा नेता के बेटे पर एक के बाद दूसरी FIR

बलौदाबाजार। शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये की ठगी के आरोप में भाजपा नेता कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ पुलिस ने दूसरी एफआईआर दर्ज की है। मामला सिटी कोतवाली थाना बलौदाबाजार का है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 1.50 लाख रुपये की मांग की गई थी। 50 हजार रुपये कैश दिया था। शेष राशि नौकरी लगने के बाद देने की बात हुई थी। 50 हजार रुपये देने के बाद भी नौकरी नहीं लगी और रकम भी वापस नहीं की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में पुलिस बैंक दस्तावेजों, पैसों के लेन-देन और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
शिकायतकर्ता कल्लूराम ध्रुव महासमुंद जिले के ग्राम खेमड़ा के हैं, खेती-किसानी का काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार वह सेल्समैन की नौकरी की तलाश में थे। इसी दौरान उनकी पहचान अभनी यादव से हुई। अप्रैल 2026 में नौकरी को लेकर बातचीत के दौरान अभनी यादव ने उन्हें प्रणव अवस्थी का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद कल्लूराम ने प्रणव अवस्थी से फोन पर संपर्क किया।
शिकायत के अनुसार फोन पर बातचीत के दौरान प्रणव अवस्थी ने शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। नौेकरी दिलाने के एवज में 1.50 लाख रुपये की मांग की। अप्रैल में प्रणव ने शिकायतकर्ता को बलौदाबाजार बस स्टैंड बुलाया। आरोप है कि यहां मुलाकात के दौरान नौकरी लगवाने का भरोसा देकर 50 हजार रुपये कैश लिया। बाकी 1 लाख रुपये नौकरी लगने के बाद देने की बात देने की बात हुई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 50 हजार रुपये देने के बाद भी तय समय पर नौकरी नहीं लगी। जब उन्होंने नौकरी और पैसे को लेकर संपर्क किया तब, प्रणव लगातार टालमटोल करते रहा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में पैसे लौटाने के संबंध में 25 अप्रैल और 1 अगस्त 2026 को वाट्सएप के जरिए कुछ दस्तावेज भेजे। इनमें इंडियन बैंक की 60 हजार रुपये की डीडी और 50 हजार रुपये खाते में भेजे जाने से संबंधित दस्तावेज शामिल था।
कल्लूराम का आरोप है कि जब उन्होंने बैंक में इन दस्तावेजों का सत्यापन कराया तो डीडी और बैंक की रसीद फर्जी निकली। इसके बाद उन्होंने नौकरी के नाम पर दिए गए 50 हजार रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम वापस नहीं की गई। मामले की जानकारी उन्होंने अभनी यादव और अपने मामा डोमन ध्रुव को भी दी। इसके बाद सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रणव अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए पैसों के लेन-देन, मोबाइल से हुई बातचीत, वाट्सएप पर भेजे गए दस्तावेज और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *