गरियाबंद । जिले के फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत कोपरा-पोखरा मुख्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुल 26.20 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के निर्माण के लिए बजट मद के अंतर्गत 70 करोड़ 14 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत डब्ल्यूएमएम की प्रथम लेयर बिछाने का कार्य प्रगति पर है। कोपरा-पोखरा मार्ग जिले के लिए महत्वपूर्ण सड़क संपर्क मार्ग है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-सी से निकलकर राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मुख्य जिला मार्ग को जोड़ते हुए राजिम-पोखरा मुख्य जिला मार्ग से संपर्क स्थापित करता है। इसके चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को महासमुंद जिले तक पहुंचने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक बन सकेगा। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय नागरिकों, किसानों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, वर्तमान में सड़क निर्माण के अंतर्गत डब्ल्यूएमएम की प्रथम लेयर का कार्य किया जा रहा है। चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से मार्ग की उपयोगिता बढ़ेगी और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। लोक निर्माण विभाग, गरियाबंद संभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, कोपरा-पोखरा मुख्य जिला मार्ग का निर्माण जिले की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। मार्ग के पूर्ण होने से गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र और महासमुंद जिले के बीच सड़क संपर्क अधिक सुविधाजनक होगा।

Posted inChhattisgarh News
