सुचारू धान खरीदी को लेकर समिति पदाधिकारियों एवं ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण

सुचारू धान खरीदी को लेकर समिति पदाधिकारियों एवं ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण

कोण्डागांव । राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आगामी धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में संबंधित समितियों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में समिति अध्यक्ष, समिति प्रबंधक, खरीदी प्रभारी, बारदाना प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को धान उपार्जन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने समिति के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पेयजल, बैठने सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराई जाए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत यदि कोई किसान निर्धारित अधिकतम उपार्जन सीमा से कम मात्रा में भी धान विक्रय करता है, तब भी उसे शेष बची मात्रा के लिए देय अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का लाभ यथावत मिलेगा। योजना के प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान अथवा धान बीज का विक्रय करता है, तब भी उसे उसके बोए गए संपूर्ण सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से सहायता राशि प्राप्त होगी। इस व्यवस्था से किसानों को आर्थिक सुरक्षा एवं राहत मिलेगी तथा उन्हें योजना का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में खाद्य विभाग के अधिकारी  नवीन श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग के अधिकारी  उदय ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी  लोकेश देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *