‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का किया जा रहा सघन निरीक्षण

‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का किया जा रहा सघन निरीक्षण

गरियाबंद । आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के अंतर्गत गरियाबंद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर  रणबीर शर्मा एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। अभियान के तहत 16 नवंबर 2026 को मेसर्स हैप्पी रेस्टोरेंट एवं ढाबा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक ही रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ संग्रहित पाए गए। इस पर मौके पर लगभग 1 किलोग्राम उबले हुए छोले-चना, लगभग 700 ग्राम तली हुई रंगयुक्त मछली तथा लगभग 400-400 ग्राम तली हुई करेला, गोभी और भिंडी की सब्जियों को नष्ट कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को नॉनवेज खाद्य पदार्थों एवं बिरयानी में रंग का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।
17 नवंबर 2026 को गरियाबंद स्थित मेसर्स सेवक होटल, मेसर्स गरियाबंद बिरयानी तथा मेसर्स मधुबन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी प्रतिष्ठानों को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने तथा खाद्य सामग्री तैयार करने, परोसने एवं विक्रय के दौरान दस्ताने का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
18 नवंबर 2026 को छुरा में मेसर्स जय भोमिया जी बीकानेर स्वीट्स, मेसर्स आनंद स्वीट्स एवं मेसर्स देवांगन होटल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स आनंद स्वीट्स में अत्यधिक रंगयुक्त लगभग 2 किलोग्राम बूंदी के लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को अपने परिसर एवं रसोईघर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। खाद्य पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान के प्रमुख एवं स्पष्ट दिखाई देने वाले स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य बताया गया है। इसके अलावा कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों को उपयोग किए जाने वाले पानी का वर्ष में कम से कम दो बार परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खाद्य सामग्री तैयार करने में सुरक्षित जल का उपयोग सुनिश्चित हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों और उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। यह विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार 15 दिनों तक जारी रहेगा। विभाग ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखें तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहीत अधिकारी श्रीमती ज्योति भानु ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *