रायपुर । विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सरगुजा संभाग के चार जिलों का लगातार दो दिनों तक दौरा कर सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेज भवनों और अस्पताल निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत नहीं करने वाले ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त की जाए।
इसके बाद भी सड़कें ठीक नहीं की गईं तो संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में खराब सड़कों और निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्ती दिखाई है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सरगुजा संभाग के चार जिलों का लगातार दो दिनों तक दौरा कर सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेज भवनों और अस्पताल निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत नहीं करने वाले ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त की जाए। इसके बाद भी सड़कें ठीक नहीं की गईं तो संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान PWD सचिव मुकेश बंसल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों की सड़कें अभी परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में हैं, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार मरम्मत करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर पहले बैंक गारंटी जब्त करने के लिए नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
PWD सचिव ने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अलग-अलग निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता वीके भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता केपी संत, अधीक्षण अभियंता आरएस तोमर सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उन्होंने जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सड़कों की स्थिति देखी। अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर सड़क का निरीक्षण करते समय सचिव ने खराब सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों सड़कें अभी ठेकेदारों की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में हैं।
इस पर बंसल ने संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं होती है तो ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
इसके अलावा दरिमा-मैनपाट सड़क पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने को कहा। सोनतराई-मैनपाट सड़क पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन का निर्माण धीमी गति से चलने पर PWD सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी के लिए अनुभवी इंजीनियर नियुक्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए निरीक्षण का शेड्यूल भी तय किया। सब इंजीनियर प्रतिदिन निर्माण कार्य की जांच करेंगे। एसडीओ हर दो दिन में निरीक्षण करेंगे। अधीक्षण अभियंता (SE) और मुख्य अभियंता (CE) हर महीने निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे।
इसके अलावा कमलेश्वरपुर में बन रहे कॉलेज भवन को निर्धारित समय पर पूरा कराने और कॉलेज की जमीन का सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने टर्मिनल भवन के सामने की सड़क पर दोबारा डामर की परत बिछाने के निर्देश दिए।

Posted inChhattisgarh News
