रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक (प्रवर्तन निदेशालय) ईडी की रिमांड पर सौंप दिया है। इस हाईप्रोफाइल मामले में सुनवाई के लिए रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट आधी रात तक खुली रही।
23 नवंबर की रात 10.45 बजे सुनवाई शुरू हुई। ईडी और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आदेश दिया। पूरी सुनवाई के बाद रात करीब 1 बजे, यानी 24 नवंबर की तारीख लगने के बाद कोर्ट बंद हुई। ईडी की रिमांड अर्जी में हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपए लेने और बाद में हवाला के जरिए किस्तों में बड़ी रकम लेने का आरोप लगाया गया है।
अर्जी में सौरभ चंद्राकर के बयान के आधार पर यह भी दावा किया गया है कि हिमांशु प्रमोटरों को आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देता था और कहता था- “बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।”
इतना ही नहीं, सौरभ का विश्वास जितने के लिए हिमांशु शेखर ने गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की सूचना भी पहले दे दी थी। उसी दिन गिरिश को ईडी ने गिरफ्तार किया।
ED के अधिकारी हिमांशु शेखर को लेकर 23 नवंबर की रात 10 बजे रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश किया। रात 10.45 बजे कार्रवाई शुरू हुई और दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं।
सुनवाई पूरी होने के बाद रात करीब 1 बजे कोर्ट बंद हुई। तब तक तारीख बदलकर 24 नवंबर हो चुकी थी। ED की ओर से सौरभ पान्डेय ने पैरवी की वहीं हिमांशु की ओर से फैजल रिजवी ने पक्ष रखा।
दोनों पक्षों तक तर्क सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक ED की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा।
ईडी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने 15 नवंबर को दिए बयान में बताया कि अक्टूबर 2023 की शुरुआत में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस में तलाशी चल रही थी।
इसी दौरान महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े वसीम कुरैशी ने हर्षवर्धन से मदद मांगी। इसके बाद दुबई में महादेव बुक के प्रमोटरों की हिमांशु से मुलाकात कराई गई।
ईडी के अनुसार, दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, वकील सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे।
सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया कि हिमांशु ने महादेव बुक और प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले अक्टूबर में 15 करोड़ रुपए लेने की बात भी कही।
ईडी ने अपने रिमांड एप्लीकेशन में सौरभ चन्द्रकार के बयान के हवाले से कहा गया है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उसकी जज और वकीलों से बात हो चुकी है। उसने कथित तौर पर कहा था- ‘बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।’
अर्जी के मुताबिक, हिमांशु ने कुछ रकम लेने के अलावा अदालत में कुछ ऐसी बातें भी रखीं, जिनसे प्रमोटरों को यह भरोसा हो सके कि उनकी बताई व्यवस्था के मुताबिक काम हो रहा है।
ईडी की रिमांड एप्लीकेशन में बताया गया कि 18 नवंबर को दर्ज सौरभ चंद्राकर के बयान का एक और अहम हिस्सा है। इसमें गिरिश तलरेजा का जिक्र है। सौरभ के मुताबिक, गिरिश तलरेजा ऑनलाइन सट्टा साइट Lotus365.com में प्रमोटरों का साझेदार था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ हो गया था।
सौरभ ने बताया कि गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन की जानकारी प्रमोटरों ने दुबई में मौजूद हिमांशु को दी थी।
इसके तीसरे दिन जब गिरिश भोपाल के एक होटल में ठहरा था, तब हिमांशु ने कथित तौर पर प्रमोटरों से कहा कि आज गिरिश गिरफ्तार होगा। उसी दिन उन्हें गिरिश की ईडी द्वारा गिरफ्तारी की खबर मिली।
सौरभ ने अपने बयान में इस घटनाक्रम को हिमांशु का प्रमोटरों के लिए किया गया सबसे अहम काम बताया। ईडी के मुताबिक, हिमांशु ने प्रमोटरों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें कुछ गोपनीय जानकारियां भी दी थीं।

Posted inChhattisgarh News
