भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन युवाओं की मौत

भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन युवाओं की मौत

मनेन्द्रगढ़। दूसरों की जिंदगी बचाने का सपना देखने वाली दो नर्सिंग छात्राओं की जिंदगी का सफर सड़क हादसे में खत्म हो गया। मनेन्द्रगढ़-इमली गोलाई मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नौगई निवासी भुवन सिंह (24 वर्ष), भूमिका (18 वर्ष) और प्रमिला (18 वर्ष) अपना इलाज कराने मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल पहुंचे थे जहां डॉक्टर से परामर्श और उपचार कराने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इमली गोलाई के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एंबुलेंस बुलाई गई और घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते तीसरे व्यक्ति ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों युवाओं की मौत की खबर जैसे ही ग्राम नौगई पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में तीन जिंदगियों के असमय चले जाने से हर कोई स्तब्ध है।
हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दुर्घटना के बाद इमली गोलाई मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से इस डेंजर जोन पर सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड और आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की है।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *