रायपुर। शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिसे सट्टे के चुकारा का पैसा बताया जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस को गंज थाना क्षेत्र में मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां से रखब पाहुजा, पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें सट्टा लगाने वाले लोगों के बड़ी संख्या में संपर्क नंबर और लेन-देन का विवरण मिला है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त मोबाइल डेटा की तस्दीक की जा रही है और सट्टे के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

