VB G RAM G से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प : बृजमोहन

VB G RAM G से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प : बृजमोहन

रायपुर । खरोरा में भारतीय जनता पार्टी जिला ग्रामीण द्वारा VB G RAM G जनजागरण अभियान के अंतर्गत जिला सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “जी राम जी” के उद्देश्य और लाभों को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएं और ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जन-जन का अभियान बनेगा।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित गांवों के बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है।

VB G RAM G (ग्रामीण आजीविका एवं रोजगार मिशन) उसी संकल्प का सशक्त प्रमाण है, जो ग्रामीण रोजगार, स्थानीय संसाधनों का उपयोग, आत्मनिर्भर पंचायत और समृद्ध एवं सशक्त गांव की मजबूत नींव रखेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार ठोस और ऐतिहासिक कदम उठा रही है, और यह अभियान ग्रामीण भारत के नवयुग का मार्ग प्रशस्त करेगा।

उन्होंने कहा कि यह देश के इतिहास में पहली बार लाया गया ऐसा कानून है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, रोजगार की गारंटी, भ्रष्टाचार पर रोक और पारदर्शी डिजिटल व्यवस्था सुनिश्चित करता है। इसके तहत ग्रामीणों को 15 दिन के भीतर रोजगार की गारंटी, 100 से बढ़ाकर 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार तथा एक माह में भुगतान नहीं होने की स्थिति में ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि जहां मनरेगा के अंतर्गत कार्यों की सीमा तय थी, वहीं VB G RAM G के माध्यम से अब गांवों में सड़क, स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, नहर, पंचायत भवन, पेयजल, बिजली सहित सभी प्रकार के विकास कार्य किए जा सकेंगे। ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य तय करने का अधिकार मिलेगा, जिससे गांवों का तेज़ी से विकास होगा, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और गांवों से शहरों की ओर होने वाला पलायन रुकेगा।

सांसद अग्रवाल ने बताया कि VB G RAM G का अर्थ विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण है। यह योजना राम राज्य की भावना के अनुरूप गांवों में न्याय, रोजगार और समृद्धि सुनिश्चित करेगी तथा आजीविका की सुरक्षा की ठोस गारंटी देगी।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को राम नाम से ही नफरत रही है—पहले श्रीराम मंदिर, फिर रामसेतु और अब जी-राम जी का विरोध। कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा को भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया गया था, जिसमें न टिकाऊ निर्माण हुआ और न ही पारदर्शिता रही। VB G RAM G डिजिटल शासन के माध्यम से भ्रष्टाचारमुक्त ग्रामीण विकास सुनिश्चित करेगा।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि पहले रोजगार गारंटी योजनाओं के लिए 30 से 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान होता था, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह राशि बढ़कर 60 से 90 हजार करोड़ रुपये तक पहुंची है। आने वाले समय में लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये ग्रामीण अर्थव्यवस्था में निवेश किए जाएंगे, जिससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में VB G RAM G विधेयक पर सांसद अग्रवाल ने प्रथम वक्ता के रूप में अपना प्रभावशाली पक्ष रखा था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *