जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

जगदलपुर। शहर के दंतेश्वरी वार्ड में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक पारिवारिक घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के चलते एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बैलाबाजार स्थित दंतेश्वरी वार्ड निवासी तारासिंह (75 वर्ष) और उनकी पत्नी विजय कौर (70 वर्ष) के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों सोने चले गए, लेकिन रात करीब 2 बजे फिर से दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। गुस्से में आकर तारासिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले धारदार औजार (कुल्हाड़ी) से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे विजय कौर की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद तारासिंह ने घर के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी बेटे को लगी, जिसने तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र में शोक और भय का माहौल पैदा कर दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *