बलौदाबाजार हिंसा कांड: अमित बघेल और अजय यादव फिर गिरफ्तार…

बलौदाबाजार हिंसा कांड: अमित बघेल और अजय यादव फिर गिरफ्तार…

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में 10 जून 2024 को हुए बहुचर्चित आगजनी और हिंसा मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 279/2024 और 280/2024 के तहत दर्ज मामलों में अमित बघेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अमित बघेल को मंगलवार शाम करीब 4 बजे केंद्रीय जेल रायपुर से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जिला सत्र न्यायालय में पेश किया। इसी प्रकरण में छत्तीसगढ़ जोहर पार्टी के प्रमुख अजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। अजय यादव को उप जेल बलौदाबाजार से कोर्ट लाया गया, जबकि अमित बघेल को रायपुर केंद्रीय जेल से पेश किया गया। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अमित बघेल को पुनः केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
अब तक 200 से अधिक गिरफ्तार
बलौदाबाजार में हुई हिंसा और आगजनी की इस गंभीर घटना की जांच लगातार जारी है। पुलिस अब तक इस मामले में 13 अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर चुकी है और 200 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियां साक्ष्य जुटाने और अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
और खुलासों की संभावना
जांच एजेंसियों का कहना है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। आने वाले दिनों में और लोगों की संलिप्तता सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और हिंसा कांड में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *