ईंट-भट्ठा मालिक की दरिंदगी, मजदूरी मांगने पर 54 मजदूरों को बनाया बंधक

ईंट-भट्ठा मालिक की दरिंदगी, मजदूरी मांगने पर 54 मजदूरों को बनाया बंधक

बिलासपुर। काम करने के लिए गुजरात ले जाये गए बिलासपुर जिले के 54 मजदूरों को ईंट-भट्ठा मालिक द्वारा बंधक बना लिया गया था। मौके से भागे 2 मजदूरों द्वारा दी गई सूचना के बाद जिला प्रशासन ने गुजरात प्रशासन से समन्वय किया और सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराया। रेस्क्यू के बाद सभी मजदूर अपने घर लौट आए हैं। मिली जानकारी केर मुताबिक कोटा, तखतपुर, कोनी और पचपेड़ी के इलाकों से मजदूरों को खेड़ा जिला स्थित एम.के. ब्रिक्स के संचालक शाहरुख भाई ने अधिक मजदूरी का लालच देकर काम पर बुलाया था। मजदूरों ने ईमानदारी से काम पूरा किया, लेकिन जब उन्होंने मजदूरी मांगी और घर लौटने की इच्छा जताई, तो मालिक ने भुगतान से इनकार कर उन्हें फैक्ट्री परिसर में ही कैद कर लिया।
चौबीसों घंटे निगरानी में रहते थे मजदूर
मुक्त कराए गए मजदूरों ने बताया कि उन्हें दरवाजों के बिना अस्थायी झोपड़ियों में रखा गया और 24 घंटे निगरानी में रखा जाता था। बाजार जाकर राशन लाने तक की अनुमति नहीं थी। शौच के लिए जाने पर भी टॉर्च की रोशनी में निगरानी की जाती थी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती और प्रभावशाली संबंधों का डर दिखाया जाता था।
भागे मजदूरों ने कलेक्टर से की शिकायत
इस बीच राहुल बंजारे और शत्रुघ्न रात्रे किसी तरह वहां से भाग निकलने में सफल रहे और बिलासपुर पहुंचकर जनदर्शन में कलेक्टर को अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए श्रम विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। बिलासपुर के सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय ने तत्काल बिलासपुर जिला प्रशासन की ओर से गुजरात के खेड़ा जिला के कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी 54 मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। सहायक श्रम आयुक्त ज्योति शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही गुजरात प्रशासन से लगातार संपर्क कर रेस्क्यू कराया गया है। साथ ही मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *