डिवाइडर और ट्रेलर से टकराया ट्रक, कई घंटे लगा रहा जाम

डिवाइडर और ट्रेलर से टकराया ट्रक, कई घंटे लगा रहा जाम

रायपुर। राजधानी में रविवार देर रात PWD ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के आगे के सभी पहिए अलग हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई, जब ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने पहले डिवाइडर को टक्कर मारी, इसके बाद सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक और ट्रेलर के टूटे हिस्से सड़क पर फैल गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज से रायपुरा ओवरब्रिज तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जाम के कारण आम नागरिकों, दफ्तर जाने वालों और आपात सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और सड़क किनारे खड़े वाहनों के पास अतिरिक्त सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *