रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस ने शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में छापेमारी कर अनैतिक गतिविधियों का पर्दाफाश किया है। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
पुलिस को स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसकी पुष्टि के लिए एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाओं को बरामद किया गया। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि आर्थिक लाभ के लिए ग्राहकों को महिलाओं की व्यवस्था कराई जाती थी। वहीं, होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल फोन, ₹6,000 नगद (पाइंटर द्वारा दिया गया), स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर तथा वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा जब्त किया है। इस मामले में थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

