जांजगीर। जिले के नवागढ़ ब्लॉक में दागी को बीईओ बनाने के मामले में शिक्षा विभाग ने एक्शन लिया है। विभाग ने महेंद्र धर दीवान को हटाते हुए अशोक कुमार पाटले, प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय डोंगरी को बीईओ बनाया है।
फर्जीवाड़े में हुई थी एफआईआर
दरअसल वर्ष 2016 में महेंद्र धर दीवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। तब वे राजीव गांधी शिक्षा मिशन में मिशन समन्वयक के पद पर पदस्थ थे। वहां ठेकेदार राजेश अग्रवाल को 2 सितंबर 2015 को 2 करोड़ 30 लाख रुपए के अनियमित भुगतान के मामले में उन पर एफआईआर की गई थी। उक्त प्रकरण में समन्वयक प्रमोद आदित्य, विनोद कुमार शर्मा, शेख रफीक, विवेक यादव, पंकज विक्रम को भी ठेकेदार सहित दोषी पाया गया था। प्रकरण की जांच अपर कलेक्टर द्वारा की गई थी। अपर कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र धर दीवान, प्रमोद आदित्य तथा उनके कार्यालय में कार्यरत एपीसी विनोद कुमार शर्मा, ऑपरेटर शेख रफीक, विवेक यादव एवं पंकज विक्रम ने मिलकर तत्कालीन कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जांजगीर–चांपा के हस्ताक्षर नोटशीट में स्कैन कर आपसी मिलीभगत से फर्जी ढंग से ठेकेदार राजेश अग्रवाल को भुगतान कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में एफआईआर क्रमांक 519/16 धारा 120बी, 34, 420, 409 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जिसमें महेंद्र धर दीवान ने गिरफ्तारी के खिलाफ हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। महेंद्र धर दीवान को बम्हनीडीह विकासखंड शिक्षा अधिकारी रहते संभाग आयुक्त सुनील जैन ने जून 2025 में निलंबित कर दिया था। उन्हें युक्तियुक्तकरण में धांधली करने पर निलंबित किया गया था। दो माह बाद अगस्त 2025 में निलंबन से बहाली के साथ ही उन्हें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसीर, विकासखंड पामगढ़ में प्राचार्य के पद पर पदस्थापना दी गई थी।
डीईओ ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर किया तबादला
बीईओ की पोस्टिंग का अधिकार राज्य सरकार का होता है। स्कूल शिक्षा विभाग बीईओ की पोस्टिंग करता है, पर डीईओ द्वारा अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर बीईओ की पदस्थापना कर दी गई। दागी को बीईओ बनाने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप उन पर लगाया जा रहा है। इसके अलावा डीईओ अशोक सिन्हा पर सहायक ग्रेड-तीन से सहायक ग्रेड-दो की पदोन्नति के बाद काउंसलिंग की बजाय सीधे पदोन्नति देने और शासन के अटैचमेंट नहीं देने के निर्देशों के बावजूद दो व्याख्याताओं को अटैचमेंट देने की भी शिकायत है। राज्य शासन द्वारा अशोक कुमार पाटले, प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय डोंगरी, विकासखंड कटघोरा, जिला कोरबा की सेवाएं प्रतिनियुक्ति से वापस लेते हुए प्रशासनिक आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी नवागढ़, जिला जांजगीर–चांपा के पद पर पदस्थ किया गया है।

Posted inChhattisgarh News
