मुंगेली। जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां 77 वर्षीय निश्चल सिंह ने बैंकिंग विवाद से त्रस्त होकर एक दिवसीय अनशन की अनुमति मांगी है। आरोप है कि पंजाब नेशनल बैंक की बरेला शाखा द्वारा वर्ष 2007 से लंबित एक एफडीआर की प्रतिलिपि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।, जबकि वर्ष 1991 की एक अन्य एफडीआर का भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है। बताया गया है कि उन्होंने इस मामले में शाखा प्रबंधक, चेयरमैन और उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी। यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय को भी शिकायत भेजी गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अब सार्वजनिक विरोध का रास्ता चुना है।
कलेक्टर से नहीं मिली अनुमति, न्यायालय से लगाई गुहार
बुजुर्ग निश्चल सिंह ने एक दिवसीय अनशन की अनुमति के लिए मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार को आवेदन दिया था। जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी को पत्र लिखकर शांतिपूर्ण अनशन की अनुमति मांगी है। यह मामला अब प्रशासनिक और कानूनी दायरे में प्रवेश कर चुका है। एक ओर 77 वर्षीय बुजुर्ग अपने बैंकिंग अधिकारों की मांग पर अड़े हैं, वहीं दूसरी ओर बैंक और प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि क्या यह विवाद संवाद से सुलझेगा या फिर कानूनी प्रक्रिया लंबी दिशा लेगी।

Posted inChhattisgarh News
