रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षाओं के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता को परखना है, इसलिए इस साल किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में असफल होने वाले छात्रों को पहले पूरक परीक्षा का मौका मिलेगा और उसमें भी सफल न होने पर उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दे दिया जाएगा।
16 मार्च से शुरू होगा परीक्षाओं का दौर
घोषित समय-सारणी के अनुसार, 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से और 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से प्रारंभ होगी। इस बार राज्य शासन ने सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता प्राप्त सभी प्राइवेट स्कूलों की भागीदारी भी सुनिश्चित की है। गौरतलब है कि पिछले साल केवल 15% प्राइवेट स्कूल ही इस परीक्षा प्रक्रिया में शामिल हुए थे।
बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर तैयारी और मानदेय
परीक्षा को पूरी गंभीरता से संपन्न कराने के लिए विभाग ने मूल्यांकन और मानदेय की दरें भी तय कर दी हैं:
विवरण निर्धारित शुल्क/मानदेय
5वीं परीक्षा शुल्क ₹55 प्रति छात्र
8वीं परीक्षा शुल्क ₹60 प्रति छात्र
कॉपी मूल्यांकन (5वीं) ₹2 प्रति कॉपी
कॉपी मूल्यांकन (8वीं) ₹3 प्रति कॉपी
केन्द्राध्यक्ष मानदेय ₹150 प्रतिदिन
3 माह तक सुरक्षित रहेंगी कॉपियां
परीक्षा के बाद मूल्यांकन केंद्र संकुल विद्यालयों में बनाए जाएंगे। गाइडलाइन के अनुसार, मूल्यांकन के पश्चात उत्तरपुस्तिकाओं को सीलबंद पैकेट में विकासखंड स्तर पर 3 महीने तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की होगी। जल्द ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के माध्यम से स्कूलों को एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों की सूची आवंटित की जाएगी। प्राइवेट स्कूलों के लिए इस साल शामिल होना अनिवार्य होने से छात्रों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

Posted inChhattisgarh News
