जिले में ‘साधना सप्ताह’ का शुभारंभ, पहले दिन अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प

जिले में ‘साधना सप्ताह’ का शुभारंभ, पहले दिन अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प

बालोद। भारत सरकार के ’मिशन कर्मयोगी’ अभियान के अंतर्गत आज से ’साधना सप्ताह’ का विधिवत आगाज हो गया है। जिसके अंतर्गत आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरमरीकला तथा संयुक्त जिला कार्यालय बालोद के एनआईसी कक्ष में गरिमामय उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के पहले दिन उद्घाटन दिवस पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने ’साधना सप्ताह’ का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान ’कर्मयोगी भारत’ के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसका मुख्य लक्ष्य सरकारी सेवाओं की दक्षता बढ़ाना और कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाना है।

उल्लेखनीय है कि साधना सप्ताह का आयोजन 02 अप्रैल से 08 अप्रैल तक किया जाएगा। जिसमें 03 अप्रैल को आत्मचिंतन दिवस पर व्यक्तिगत कार्यशैली का आत्म-मूल्यांकन और विभागीय सुधार हेतु सुझाव, 04 अप्रैल को सेवा संकल्प दिवस पर नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने का संकल्प और सेवा मानकों की समीक्षा करना, 05 अप्रैल को नवाचार दिवस पर कार्यप्रणाली में सुधार के लिए नए विचारों का आदान-प्रदान और डिजिटल कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 06 अप्रैल को पारदर्शिता दिवस पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और शिकायत निवारण तंत्र की मजबूती पर चर्चा करना, 07 अप्रैल को सहयोग दिवस पर टीम भावना और सामूहिक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियाँ एवं 08 अप्रैल को समापन दिवस पर पूरे सप्ताह की रिपोर्ट तैयार करना और अनुभवों को साझा करना शामिल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *