रायपुर । छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) द्वारा शासकीय सह-शिक्षा पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार में जोरदार प्रदर्शन एवं घेराव किया गया। यह प्रदर्शन NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाविद्यालय प्रशासन लगातार छात्रों की बुनियादी आवश्यकताओं की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक छात्र गंदा पानी पीने को मजबूर रहेंगे, भीषण गर्मी में बिना पंखे और कूलर के पढ़ाई करेंगे और जर्जर व गंदे शौचालयों का उपयोग करेंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो NSUI आंदोलन को और उग्र करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल सुविधाओं की मांग नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई है, जिसमें NSUI का प्रत्येक कार्यकर्ता अंतिम दम तक संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जहां पहले से तैनात पुलिस बल और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक की स्थिति बनी। हालांकि, महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा हस्तक्षेप कर छात्रहित में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रतीक ध्रुव, सौरभ नाग, विनायक तिवारी, उत्कर्ष, रितेश, अभि, ईशान, दीपांशु, देवरथ, वंश सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Posted inChhattisgarh News
