
अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर से लगे मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने के दौरान मामा-भांजी की डूबने से मौत हो गई। भांजी रायपुर से अपनी मां के साथ गर्मी की छुट्टियां मनाने नानी के घर अंबिकापुर आई थी। शनिवार को वह अपने मामा समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नहाने गई थी। इसी दौरान मामा-भांजी हादसे का शिकार हो गए। मामा-भांजी की मौत से परिवार व घुटरापारा मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
सिम्मी सोनी पिता ईश्वर सोनी उम्र 11 वर्ष रायपुर की रहने वाली थी। वह अपनी मां के साथ गर्मी छुट्टी में नानी के घर शहर के घुटरापारा स्थित चांदनी चौक आई थी। शनिवार की दोपहर मामा विनीत सोनी उम्र 37 वर्ष व घर के अन्य सदस्यों के साथ मणिपुर थाना क्षेत्र के मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने गए थे।
सभी नदी में नहा रहे थे। इस दौरान सिम्मी व विनीत सोनी के बेटा और बेटी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। विनीत ने किसी तरह अपने दोनों बच्चों को बचाकर नदी से बाहर निकाल लिया। फिर वह भांजी को बचाने नदी में उतरा, तब तक सिम्मी नदी में डूब चुकी थी। इधर गहरे पानी में चले जाने से विनीत की भी डूबकर मौत हो गई।
मामा-भांजी के डूबने से साथ नहाने गए परिवार के अन्य सदस्यों के बीच चीख-पुकार मच गयी। चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग पहुंचे और घटना की जानकारी मणिपुर पुलिस को दी।
पुलिस ने गांव वालों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाला और उन्हें शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरोंं ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामा-भांजी की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।