रायपुर। राजधानी रायपुर के वीर सावरकर नगर स्थित टेंगना तालाब के पास पानी भरने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। एक महिला ने अपने सह-किरायेदार पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और उसके पति पर पत्थर से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह एस.आर. डुपारे के मकान में किराए से रहती है। बुधवार शाम करीब छह बजे नगर निगम की जलापूर्ति शुरू होने पर वह ऊपर लगी टंकी में पानी भरने के लिए मोटर चालू कर रही थी।
इसी दौरान नीचे रहने वाले सह-किरायेदार उज्ज्वल सिंह ने मोटर बंद कर उसकी वायर निकाल दी। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की और नीचे आने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि जब वह नीचे नहीं उतरी तो आरोपी ऊपर पहुंचकर मारपीट और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगा।महिला ने घटना की जानकारी अपने पति धीरज साव को दी। कुछ देर बाद जब वे घर पहुंचे और आरोपी से विवाद का कारण पूछा, तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई।
आरोप है कि आरोपी ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर धीरज साव पर फेंक दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की कलाई में चोट लग गई।पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
Posted inChhattisgarh News
