सट्टा कनेक्शन में बड़ी गिरफ्तारी: बाबू खेमानी का मददगार भाई संदीप पकड़ा गया

सट्टा कनेक्शन में बड़ी गिरफ्तारी: बाबू खेमानी का मददगार भाई संदीप पकड़ा गया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चर्चित ऑनलाइन सटोरिया बाबू खेमानी के मददगार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।महासमुंद से संदीप असरानी और उसके एक साथी को पकड़ा गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा होने की बात कही जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, संदीप, बाबू खेमानी का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वह बाबू खेमानी के बुआ का लड़का है। लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप असरानी, बाबू खेमानी और उसकी टीम को बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराता था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाबू खेमानी से जब्त किए गए कई सिम कार्ड भी संदीप असरानी के नाम पर दर्ज पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि फर्जी दस्तावेजों और रिश्तेदारों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए जा रहे थे। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

बताया जा रहा है कि, पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी भी खंगाली जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े बाकी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि, पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

प्रदेश में ऑनलाइन सट्टे और अवैध गेमिंग ऐप्स के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच एजेंसियां अब उन लोगों को भी निशाने पर ले रही हैं, जो सीधे तौर पर सट्टा नहीं चला रहे, लेकिन संसाधन उपलब्ध कराकर नेटवर्क को मजबूत बना रहे हैं।

बाबू उर्फ गुलशन खेमानी रायपुर का इंफ्लुएंसर है। रायपुर पुलिस ने 16 अप्रैल को मुंबई से गिरफ्तार किया था। बाबू खेमानी पर ऑनलाइन सट्‌टा खिलाने का आरोप है। पुलिस बाबू खेमानी के भाई और पिता को भी तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, बाबू उर्फ गुलशन खेमानी और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के लिए 50 से अधिक आईडी का इस्तेमाल करते थे। इसके लिए कई म्यूल बैंक खातों का भी सहारा लिया जाता था। पुलिस ने बाबू, करण और उनके परिवार के बैंक खातों के लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील बनाता था, जिनमें कई आपत्तिजनक कंटेंट भी शामिल हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *