गौ तस्करी पर कार्रवाई: 7 गायों को कराया मुक्त, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर

गौ तस्करी पर कार्रवाई: 7 गायों को कराया मुक्त, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर

सक्ती। सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गौ तस्करी का एक मामला सामने आया है। भद्री स्थित गौ सेवा समिति ने सक्रियता दिखाते हुए एक बोलेरो से 7 गायों को मुक्त कराया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।

यह घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। समिति को सूचना मिली थी कि एक सफेद बोलेरो (CG 15 B 3075) में मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौ सेवकों ने वाहन का पीछा किया और भद्री के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

स्वयं को घिरा देख वाहन चालक और उसके दो साथी चलती गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। बोलेरो की तलाशी लेने पर पाया गया कि वाहन की पीछे की सीटें निकालकर 7 गायों को एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर रखा गया था। कई गायों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले।

सूचना मिलने पर फागुरम चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकलवाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया और बाद में उन्हें समिति को सौंप दिया। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *