बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जनगणना कार्य में लगे शिक्षक के साथ ग्रामीण ने मारपीट की गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा की है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा जनगणना ड्यूटी के सिलसिले में ग्राम घोघरा पहुंचे थे। इस दौरान वे मकान नंबर 141 में राम करेस चतुर्वेदी के घर के पास पहुंचे।
इसी दौरान गांव का ही निर्मल सतनामी मौके पर पहुंचा और शिक्षक से सवाल-जवाब करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिक्षक ने उसे जनगणना ड्यूटी की जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन उसने एक नहीं सुनी और शिक्षक का आईडी कार्ड फाड़ दिया।
घटना के बाद शिक्षक पंचायत भवन पहुंचा, जहां आरोपी ने सरपंच के सामने ही शिक्षक का कॉलर पकड़ लिया और धमकी दी। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
पीछा कर डराने की कोशिश
शिक्षक जब दगौरी के लिए निकला, तब आरोपी ने चुराघाट तक उसका पीछा किया, जिससे शिक्षक डर गया। मामले में शिक्षक ने अपने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। फिलहाल, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

