90 लाख की ज्वेलरी चोरी, 24 घंटे तैनात गार्ड को नहीं लगी भनक

90 लाख की ज्वेलरी चोरी, 24 घंटे तैनात गार्ड को नहीं लगी भनक

रायपुर। राजधानी के बीच शहर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो नकाबपोश चोरों ने लक्ष्य ज्वेलर्स को निशाना बनाया। दोनों बाइक से आए और कटर से ताला काटकर भीतर घुस गए। करीब आधे घंटे में सोने के जेवर बैग में भरकर फरार हो गए।

रविवार को दुकान बंद थी, इसलिए चोरी का पता सोमवार सुबह चला। दुकान खुलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर नॉर्थ जोन के अधिकारी और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला पहुंचे। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी आराम से चोरी करते नजर आए हैं। चोरी गए जेवर की कीमत करीब 90 लाख रुपए बताई जा रही है। देर रात पुलिस ने कालीनगर से पुराने चोर को हिरासत में लिया है। दावा है उसने ही अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की है।

पुलिस के अनुसार, शंकर नगर-लोधीपारा रोड पर आरोग्य अस्पताल के पास कारोबारी वंश मरपानी का लक्ष्य ज्वेलरी दुकान है। शनिवार रात 8 बजे दुकान बंद की गई थी। रविवार को अवकाश के कारण बंद रही। सोमवार सुबह खोलने पर चोरी का पता चला। कॉम्प्लेक्स में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है और आसपास अस्पताल होने से लगातार आवाजाही रहती है, इसके बावजूद किसी को भनक नहीं लगी। चोरों ने चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ नहीं लगाया।

डॉग जहां ठिठका, वहीं पकड़ा गया चोर चोरी की सूचना मिलते ही फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। डॉग दुकान से दौड़ते हुए निकला और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर जाकर ठिठक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच शुरू की।

 देर रात पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया। उसके पास से सोने के जेवर भी बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों आदतन चोर हैं और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

फिलहाल कालीमाता वार्ड में किराए से रह रहे थे और मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि उसके पकड़े जाने पर अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

शंकर नगर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में सराफा दुकान में चोरी से हड़कंप मचा है। दुकान खम्हारडीह थाने से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर दूर पर है और 600 मीटर के दायरे में रोज गश्त प्वाइंट लगता है। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात कर निकल गए।

चर्चा है कि पुलिस ने पहले ही दुकान मालिक को सेंट्रल लॉक सिस्टम मजबूत करने और सुरक्षा बढ़ाने की चेतावनी दी थी। इसके करीब 20 दिन बाद उसी दुकान में चोरी हो गई। लक्ष्य ज्वेलर्स के फुटेज में दिखे चोरों का हुलिया अभनपुर की घटना से मिलता है। 5 मई की रात अभनपुर के नवकार ज्वेलर्स में भी दो युवकों ने रॉड से ताला तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *