जश्न में कानून ताक पर, शादी समारोह में खुलेआम हुई हर्ष फायरिंग

जश्न में कानून ताक पर, शादी समारोह में खुलेआम हुई हर्ष फायरिंग

रायपुर । राजधानी में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। हल्दी की रस्म से लेकर बारात तक लगातार गोलियां चलाई गईं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लाइसेंसी पिस्टल और दो नली बंदूक बच्चों, महिलाओं और युवतियों को थमाकर हवाई फायरिंग कराई जाती दिख रही है। हथियार लेकर लोग डांस भी करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो भाजपा नेत्री और मंडी बोर्ड सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े कार्यक्रम का है। इसमें उनके पति ऋतुपर्ण सिंह भी दिखाई दे रहे हैं। शादी के बाद धुरंधर फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो पोस्ट किया गया।
जानकारी के मुताबिक 7 मई को वीआईपी रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में हल्दी कार्यक्रम के दौरान फायरिंग हुई। इसके बाद बारात महादेव घाट स्थित मैरिज पैलेस पहुंची, जहां स्वागत के दौरान भी गोलियां चलाई गईं। दोनों जगहों के वीडियो वायरल हैं।
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस कमिश्नरी अधिकारियों के मुताबिक वीडियो सोशल मीडिया से मिला है। अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं हुई है। हालांकि वीडियो की लोकेशन और सत्यता की जांच की जा रही है। रायपुर का मामला पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Arms Act, 1959 के तहत लाइसेंसी हथियार से भी सार्वजनिक जगह या भीड़ में फायरिंग की अनुमति नहीं है। ऐसा करना लोगों की जान को खतरे में डालता है। मामलों में हथियार जब्त, लाइसेंस रद्द, जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *