वन भूमि पर अवैध खनन का आरोप: BRO परियोजना के ठेकेदारों पर उठे सवाल

वन भूमि पर अवैध खनन का आरोप: BRO परियोजना के ठेकेदारों पर उठे सवाल

बीजापुर। बीजापुर जिले के सिमा से लगे जगरगुंडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंटाचिमली के तुमलपाड़ में बीआरओ (बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन) के अधीन सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों द्वारा वन भूमि पर कथित रूप से गौण खनिज का अवैध उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उड़ीसा की धन लक्ष्मी माइनिंग्स नामक कंपनी द्वारा खनिज विभाग की वैधानिक अनुमति के बिना वन क्षेत्र से बड़े पैमाने पर बोल्डर का उत्खनन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र जगरगुंडा के पूवर्ती-1 डीपीएफ कक्ष क्रमांक 475 की लगभग एक हेक्टेयर वन भूमि पर कथित रूप से गौण खनिज का उत्खनन किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि अब तक हजारों गाड़ियों में बोल्डर निकालकर सड़क निर्माण में उपयोग किया जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि यह कार्य बीआरओ के अधीन रायपुर के ठेकेदार अंकित बजाज द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण से जुड़ा है। साथ ही आरोप लगाया गया कि जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण यह गतिविधि लंबे समय से जारी है।
इधर कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कवासी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूर्व कलेक्टर देवेश ध्रुव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर ग्राम पंचायत पेंटाचिमली के ग्रामीणों से ग्राम सभा के माध्यम से खनन की अनुमति ली गई थी। इसके बदले ग्रामीणों को बोरिंग, खेत जुताई तथा अन्य विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया।
हरीश कवासी ने आरोप लगाया कि कई महीनों से वन भूमि पर बिना आवश्यक वैधानिक अनुमति के खनन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि खनन की अनुमति नहीं थी तो इतने लंबे समय तक उत्खनन किसके संरक्षण में चलता रहा और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई की गई।
कांग्रेस ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, ग्राम सभा से किए गए वादों को पूरा करने तथा यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो दोषी अधिकारियों, ठेकेदारों और संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *