पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी में बड़ा नक्सली डंप बरामद

पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी में बड़ा नक्सली डंप बरामद

सुकमा। जिले के पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स ने बुधवार तड़के ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों का एक बड़ा नक्सली डंप बरामद किया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को हथियार, आईईडी, क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, नक्सली बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से पूछ-ताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर डीव्हीएफ की टीम ने मथिली थाना क्षेत्र के जंगलों में अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में व्यापक तलाशी ली। यह पूरा क्षेत्र ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के बेहद संवेदनशील इलाकों में शामिल है और इसके एक तरफ छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले का दरभा थाना क्षेत्र तथा दूसरी ओर सुकमा जिले का पुषपाल थाना क्षेत्र स्थित है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला। बरामद सामग्री में तीन देसी बंदूकें एवं अलग-अलग वजन के कई आईईडी भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों के मुताबिक बरामद आईईडी में करीब 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के विस्फोटक उपकरण शामिल हैं। इसके साथ ही दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, नक्सली बैनर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार सुरक्षित कब्जे में लिया गया।ं सुरक्षा एजेंसियां अब बरामद सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हैं। आसपास के जंगलों में अतिरिक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कहीं और भी हथियार या विस्फोटक छिपाकर रखे होने की आशंका को खत्म किया जा सके। सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *