मांदर की थाप पर थिरके कदम, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा

मांदर की थाप पर थिरके कदम, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा

सूरजपुर। जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोककला एवं लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में विकासखंडस्तरीय करमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के प्रतापपुर एवं सूरजपुर, भैयाथान विकासखंड में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
महोत्सव में जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने मांदर की थाप पर करमा नृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोक धुनों की मधुर लय एवं कलाकारों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
करमा पर्व जनजातीय समाज की आस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान, सामुदायिक एकता एवं पारंपरिक जीवनशैली का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से जहां नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, रीति-रिवाजों एवं पूर्वजों की समृद्ध विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है, साथ ही स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच भी उपलब्ध होता है। महोत्सव के माध्यम से जनजातीय लोककला एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जनजातीय समाज के पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोकगीतों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर किया जा रहा है। जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में जिले में महोत्सव के सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं।
विकासखंड स्तरीय महोत्सव में प्रदर्शन के आधार पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले जनजातीय लोकनृत्य दलों को जिला स्तरीय करमा महोत्सव में अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट लोकनृत्य दलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा साथ विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *