पीएम जनमन सड़कों पर उठे सवालों का विभाग ने किया भ्रामक खबरों का किया गया आधिकारिक खंडन

पीएम जनमन सड़कों पर उठे सवालों का विभाग ने किया भ्रामक खबरों का किया गया आधिकारिक खंडन

एमसीबी। विकासखण्ड भरतपुर अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएम जनमन) के तहत निर्मित सड़कों को लेकर 10 फरवरी 2026 को दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार में सड़क निर्माण में भारी अनियमितता एवं डामर उखड़ने के जो आरोप लगाए गए थे, उन्हें विभाग ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। इस संबंध में कार्यपालन अभियंता-सह-सदस्य सचिव, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, मनेन्द्रगढ़, जिला एमसीबी द्वारा विस्तृत निरीक्षण के बाद आधिकारिक खंडन जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार संदर्भित समाचार में उल्लिखित सड़कों का 20 फरवरी 2026 को स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि पैकेज क्रमांक CG -11-93 अंतर्गत सादन टोला से लावाहोरी थोरगी मार्ग के आर.डी. 1.480 किमी पर कलवर्ट अप्रोच क्षेत्र में निर्माणाधीन अवस्था एवं ढलान के कारण लगभग 10 मीटर लंबाई में बी.टी. सतह अस्थायी रूप से क्षतिग्रस्त हुई थी। इस पर तत्काल संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और नोटिस के परिपालन में उसी दिन बी.टी. सतह का पूर्ण सुधार करा दिया गया, जिसके फोटोग्राफ्स भी संलग्न किए गए हैं। इसी पैकेज की घाघरा से लालमाटी अक्तवार सड़क का निर्माण कार्य निरीक्षण में पूरी तरह संतोषजनक पाया गया।
इसी तरह पैकेज क्रमांक CG -11-83 अंतर्गत नौढ़िया से डुगालाडीह पारा सड़क के आर.डी. 1.210 किमी पर लगभग 20 मीटर लंबाई में बी.टी. सतह में आई क्षति को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया और त्वरित मरम्मत कराकर सड़क को पूरी तरह सुचारु एवं सुरक्षित बना दिया गया है। सुधार कार्य से संबंधित फोटोग्राफ्स अवलोकन हेतु उपलब्ध कराए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह क्षतियाँ तकनीकी एवं अस्थायी कारणों से उत्पन्न हुई थीं, जिनका समयबद्ध समाधान कर लिया गया है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया गया है और सभी कार्य भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जा रहे हैं। विभाग ने आमजन को आश्वस्त किया है कि पीएम जनमन अंतर्गत निर्मित सभी सड़कें वर्तमान में सुरक्षित हैं और समाचार में लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *